आंबेडकर चौक जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी, आरोपियों की जल्द हो गिरफ्तारी
दो जिलों के एसडीपीओ जांच टीम में शामिल
दुमका। उपराजधानी दुमका के काठीकुंड में 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की जघन्य घटना से आक्रोशित झारखंड छात्र सभा ने सोमवार को उग्र प्रदर्शन किया। एसपी कॉलेज से निकाली गई रैली आंबेडकर चौक पहुंची, जहां छात्रों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस जाम से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन कर रहे छात्र दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।इधर, पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। संताल परगना प्रक्षेत्र के डीआइजी अम्बर लकड़ा के आदेश पर मामले का उद्भेदन करने के लिए दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार के नेतृत्व में 11 सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआइटी में दुमका के एसडीपीओ दिलीप खलको और पाकुड़ जिले के महेशपुर अनुमंडल के एसडीपीओ विजय कुमार को शामिल किया गया है। विजय कुमार पूर्व में दुमका में डीएसपी मुख्यालय के पद पर रह चुके हैं, जिसके चलते उनके अनुभव को इस गंभीर मामले के अनुसंधान में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।विशेष जांच दल में कई थाना प्रभारियों और निरीक्षकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीआइजी ने एसआइटी को वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान तेज करने और निर्धारित समय पर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है, ताकि मामले का स्पीडी ट्रायल कराकर दोषियों को जल्द सजा दिलाई जा सके।















Leave a Reply