JHAHIN/2014/58773

दुर्गा पूजा को लेकर जमशेदपुर पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

Spread the love

लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वारंट-कुर्की की कार्रवाई और पासपोर्ट सत्यापन में तेजी लाने पर जोर

जमशेदपुर। आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले में शांति, सामाजिक सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जमशेदपुर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। गुरुवार, 15 अक्टूबर को एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। इसमें पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की उपस्थिति में जिले की वर्तमान विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अनुसंधान कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

क्राइम मीटिंग के दौरान एसएसपी ने लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने तथा सभी मामलों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को वारंट एवं कुर्की आदेशों का प्रभावी ढंग से अनुपालन कराने और चरित्र सत्यापन तथा पासपोर्ट सत्यापन के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा की गई। एसएसपी ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखने, नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण और आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए परिणाम के साथ बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने तथा निर्धारित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन करने पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!