आदित्यपुर । आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में पर्यावरण संतुलन और हरित आवरण (ग्रीन कवर) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा स्टील यूआईएसएल (जुस्को) की ओर से भव्य पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि कागज रहित ई-बिलिंग अपनाने वाले उपभोक्ताओं के सम्मान में उनके नाम पर पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि डिजिटल बिलिंग अपनाकर उपभोक्ताओं ने न केवल कागज की बर्बादी रोकी है, बल्कि पर्यावरण को बचाने में अपनी भागीदारी भी निभाई है। उन्होंने जुस्को और जियाडा के इस प्रयास को सराहते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में हरियाली का दायरा बढ़ेगा, जो वर्तमान समय में बेहद आवश्यक है।
आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर ने बताया कि आदित्यपुर एक तेजी से विकसित होता औद्योगिक क्षेत्र है, जहाँ कल-कारखानों की अधिकता के कारण पर्यावरण संरक्षण के लिए सघन पौधरोपण जरूरी है। उन्होंने कहा कि खरकई ब्रिज से लेकर सरायकेला मार्ग के दोनों ओर कंपनियों की चारदीवारी के समीप खाली पड़ी जमीन को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करने की योजना पर तेजी से काम किया जाएगा।
वहीं, जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्र होने और आसपास अस्पताल मौजूद होने के कारण यहाँ प्रदूषण मुक्त वातावरण तैयार करना सबकी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एक नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर हम सभी को मिलकर आदित्यपुर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाना होगा।















Leave a Reply