सप्तमी से दशमी तक तीन स्थानों पर लगेगा निःशुल्क सहायता शिविर
झाड़ग्राम । दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल में पूजा घूमने आने वाले लोगों को अब कानूनी समस्याओं के समाधान का रास्ता भी मिलेगा। झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिले के तीन प्रमुख पूजा पंडालों में निःशुल्क कानूनी सहायता और जागरूकता शिविर लगाने की पहल की है। इन शिविरों में लोगों को पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी समस्याओं और अन्य कानूनी मामलों में उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस पहल के तहत गुरुवार शाम को गोपीबल्लभपुर के नयाबासन सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के पूजा पंडाल में निःशुल्क कानूनी सहायता केंद्र का उद्घाटन झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायाधीश रीहा त्रिवेदी ने किया।
उन्होंने बताया कि सप्तमी से दशमी तक झाड़ग्राम, बेलपहाड़ी और गोपीबल्लभपुर के पूजा पंडालों में ये शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन दो ‘अधिकार मित्र’ मौजूद रहेंगे। वे पूजा घूमने आने वाले लोगों को विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, निःशुल्क कानूनी सहायता की उपलब्धता और इसका लाभ उठाने की प्रक्रिया के बारे में बताएंगे।
इस पहल का उद्देश्य पूजा के दौरान आम लोगों तक कानूनी सहायता से जुड़ी जानकारी पहुंचाना और जरूरतमंदों को सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। उद्घाटन कार्यक्रम में गोपीबल्लभपुर थाने के इंस्पेक्टर इंचार्ज अजय कुमार सिंह, गोपीबल्लभपुर-1 ब्लॉक के संयुक्त प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशांत कुंडू तथा पूजा समिति के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।














Leave a Reply