विसर्जन घाटों पर सुरक्षा, गोताखोर, प्रकाश, चिकित्सा एवं अग्निशमन व्यवस्था सुदृढ़ रखने के दिए गए निर्देश; पूजा समितियों से शांतिपूर्ण विसर्जन की अपील
सरायकेला-खरसावां। दुर्गा पूजा प्रतिमाओं के विसर्जन के मद्देनजर बुधवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और नगर आयुक्त एजाज अनवर ने अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विसर्जन घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विसर्जन को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सभी प्रमुख विसर्जन घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा घाटों तक जाने वाले मार्गों को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सुरक्षा बैरिकेडिंग के माध्यम से निर्धारित सुरक्षित सीमा के बाद कोई भी व्यक्ति पानी के अंदर न जाए। साथ ही, घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी प्रमुख विसर्जन घाटों पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने निर्देश दिया कि विसर्जन स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त, विसर्जन मार्गों पर पुलिस गश्ती दल की सक्रियता बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा बैरिकेडिंग, पेयजल सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा जान-माल की क्षति की स्थिति उत्पन्न न हो।
वहीं उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों से अपील की कि प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं।
निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी, गम्हरिया, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

















Leave a Reply