कोठिया गांव के समीप एनएच-133 पर हुआ हादसा, क्षतिग्रस्त हुए दोनों वाहन
सरैयाहाट। हंसडीहा-देवघर राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कोठिया गांव के समीप बुधवार शाम तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार नौ वर्षीय बालक आर्यन पंडित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया। मृत बालक आर्यन पंडित बिहार के बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधा गांव का रहने वाला था।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, कार सवार बिहार से देवघर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोठिया गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया है। वहीं, मृत बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।















Leave a Reply