दुमका। झारखंड के दुमका और गोड्डा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक मां ने ममता को कलंकित करते हुए अपने ही सगे बेटे और जेठानी के लाल की बेरहमी से हत्या कर दी। पति के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध के शक में अंधी हो चुकी महिला ने दोनों मासूमों को कुएं में फेंक कर उनकी जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर गोड्डा के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र स्थित एक कुएं से दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं।
इस खौफनाक घटना की शुरुआत 19 अक्टूबर को हुई थी। पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के बलियाडंगाल निवासी विक्रम सिंह अपनी पत्नी राखी कुमारी, बेटे आरव, भतीजे आयुष और दो भतीजियों के साथ दुर्गा पूजा का मेला घूमने दुमका पहुंचे थे। मेला घूमने के बाद विक्रम अपनी कार में तेल भरवाने के लिए नगर थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर रुके। इसी दौरान राखी कुमारी अपने बेटे आरव और भतीजे आयुष को साथ लेकर यह कहते हुए निकली कि वह मंदिर में प्रणाम करके अभी लौट रही है। काफी देर तक जब तीनों वापस नहीं आए तो विक्रम ने फोन किया, लेकिन पत्नी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद व्हाट्सएप पर हुई अजीबोगरीब बातचीत से पति को किसी अनहोनी की आशंका हुई और घबराए हुए विक्रम ने दुमका नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दुमका एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने 22 अक्टूबर को राखी कुमारी को गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र स्थित उसके मायके सलगाटांड़ गांव से घूमते हुए हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करती रही, लेकिन जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी महिला की निशानदेही पर पेटरपहाड़ी और सलगाटांड़ के जंगल में स्थित एक कुएं से दोनों बच्चों के शव निकाले गए। पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर घटना के समय पहनी गई साड़ी और उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया है कि उसे अपने पति पर शक था। इसी तनाव और आवेश में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतक भतीजे आयुष के सिर से कोरोना काल में ही पिता का साया उठ गया था, और अब इस घटना ने उसकी भी जान ले ली। वहीं परिजनों ने राखी की तीन महीने की बेटी की कुछ वर्ष पूर्व हुई संदिग्ध मौत पर भी अब सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत हत्या और साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
















Leave a Reply