दुमका। संताल परगना में कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और “वोट बचाओ, देश बचाओ” अभियान को धार देने के लिए अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य, विधायक सह प्रमंडल पर्यवेक्षक दिनेश गुर्जर तीन दिवसीय सघन दौरे पर आ रहे हैं। 25 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले इस दौरे के दौरान वे प्रमंडल के सभी प्रमुख जिलों में देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज का व्यापक भ्रमण करेंगे और जमीनी स्तर पर चल रही गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, दिनेश गुर्जर 25 अक्टूबर को हवाई मार्ग से सीधे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे देवघर परिसदन जाएंगे, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करेंगे। देवघर में रात्रि विश्राम के बाद अगले तीन दिनों तक उनका विभिन्न जिलों में सघन दौरा शुरू होगा।
26 अक्टूबर को वे गोड्डा और पाकुड़ जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य रूप से शामिल होंगे। इसके बाद 27 अक्टूबर को वे साहेबगंज और दुमका जिलों में सांगठनिक और अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दौरे के अंतिम दिन यानी 28 अक्टूबर को वे जामताड़ा और देवघर जिलों के स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत कर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
इस पूरे दौरे के दौरान उनके साथ झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सह संताल परगना प्रमंडल के विशेष पर्यवेक्षक संजीत कुमार सिंह भी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुनीत शर्मा द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के आलोक में इस दो महीने के विशेष अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने, बेहतर समन्वय स्थापित करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे लेकर सभी संबंधित जिला अध्यक्षों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाते हुए अभियान को पूरी तरह सफल बनाने का निर्देश दिया गया है।














Leave a Reply