जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुलंद की आवाज़, न्यू बारीडीह चौक पर प्रतिमा स्थापित करने की मांग दोहराई
जमशेदपुर। अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा न्यू बारीडीह चौक, पर स्थापित करने की मांग को लेकर रविवार को आम आदमी पार्टी, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी की ओर से एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली का शुभारंभ बारीडीह बस्ती स्थित हरि मैदान से हुआ। इसके बाद रैली बारीडीह गोलचक्कर, एग्रिको, भालूबासा, साकची, हावड़ा ब्रिज, गोलमुरी और टिनप्लेट होते हुए बारीडीह दुर्गा पूजा मैदान पहुंची। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के सम्मान में नारे लगाए तथा न्यू बारीडीह चौक पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
मौके पर जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद केवल एक क्रांतिकारी नहीं, बल्कि देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम और बलिदान के प्रतीक हैं। उनके त्याग और संघर्ष ने देश की अनेक पीढ़ियों को प्रेरित किया है। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा जमशेदपुर के न्यू बारीडीह चौक पर स्थापित होना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देगा।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले शहर में अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा स्थापित करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। आम आदमी पार्टी इस मांग को लेकर प्रतिबद्ध है और लोकतांत्रिक तरीके से लगातार अपनी आवाज़ बुलंद करती रहेगी। उन्होंने संबंधित प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए न्यू बारीडीह चौक पर जल्द से जल्द अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
















Leave a Reply