JHAHIN/2014/58773

जमीन माफियाओं पर ठोस कार्रवाई करे सरकार, राजस्व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो

Spread the love

लक्ष्मीकांत मुंडा के शोकाकुल परिजनों से रिम्स में मिले पूर्व मुख्यमंत्री, निष्पक्ष जांच और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की

रांची। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने नामकुम में राजस्व कर्मचारी (अरगोड़ा अंचल) लक्ष्मीकांत मुंडा की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए राज्य सरकार से अविलंब और निष्पक्ष जांच कराने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। रविवार को लक्ष्मीकांत मुंडा के पार्थिव शरीर के पोस्टमार्टम के दौरान उन्होंने रिम्स परिसर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि यह घटना राज्य की कानून-व्यवस्था और सरकार की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जब सरकारी कर्मचारी अपने घर में सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का भरोसा कौन देगा? उन्होंने प्रशासनिक पदाधिकारियों से बात कर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, घटना की गहन जांच और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि राजधानी रांची सहित राज्य के शहरी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन माफियाओं की बढ़ती सक्रियता गंभीर चिंता का विषय है। सरकार को इनके विरुद्ध ठोस अभियान चलाना चाहिए। लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या की जांच में जमीन माफियाओं की संभावित भूमिका सहित सभी पहलुओं की पड़ताल होनी चाहिए। यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति या प्रशासनिक तंत्र से जुड़े किसी व्यक्ति के संरक्षण की बात सामने आती है, तो उसकी भी जवाबदेही तय की जाए। जमीन की पैमाइश, अभिलेखों और राजस्व संबंधी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रभावशाली लोगों के दबाव और माफिया गठजोड़ की शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच जरूरी है। ईमानदारी से काम करने वाले राजस्व कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!