आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया अंचल अंतर्गत आदित्यपुर में आशियाना ट्रेड सेंटर के सामने स्थित खाली भूखंड पर पिछले चार दशकों से दुकानदारी कर रहे छोटे व्यवसायियों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
गम्हरिया अंचल अधिकारी (सीओ) कार्यालय द्वारा हाल ही में जमीन खाली करने और अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किए जाने के बाद स्थानीय दुकानदारों में भारी रोष और अनिश्चितता का माहौल है।
दुकानदारों का दर्द और मांग
होटल संचालक सागर मंडल ने बताया कि वे लोग लंबे समय से यहां व्यवसाय कर रहे हैं। पहले हाउसिंग बोर्ड के साथ मामला चल रहा था और 2004 से लगातार नोटिस आ रहे थे, लेकिन अब अचानक अंचल अधिकारी द्वारा जमीन खाली करने का आदेश दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन जमीन किसी परियोजना के लिए आवंटित कर रहा है, तो पहले से कार्यरत दुकानदारों को ही सरकारी प्रक्रिया के तहत दुकानें आवंटित की जानी चाहिए। निर्माण तोड़ने से पहले पुनर्वास की ठोस व्यवस्था होनी चाहिए।
वहीं, स्थानीय दुकानदार सुदर्शन प्रसाद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे 40 वर्षों से झोपड़ीनुमा दुकानें बनाकर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि चार दशकों से प्रशासन कहां था? अचानक बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उजाड़े जाने से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
कंपनी का पक्ष
दूसरी ओर, मौके पर काम करा रही रांची की निजी एजेंसी ‘सी-कैन’ के प्रतिनिधि राहुल ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर यह कार्य किया जा रहा है। जुलाई माह में जारी आदेश के अनुसार, यहां किसानों की सुविधा के लिए ‘डिजिटल मंडी’ का निर्माण प्रस्तावित है, ताकि आसपास के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। इसके तहत बाहरी हिस्से में दुकानें और अंदर मंडी परिसर का निर्माण होना है।














Leave a Reply