JHAHIN/2014/58773

हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ बीजेपी ने जारी किया ‘आरोप पत्र’, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और वादाखिलाफी के लगाए गंभीर आरोप

Spread the love

रांची।झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के वर्तमान कार्यकाल के दो वर्ष और कुल सात वर्षों के शासनकाल को लेकर मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सरकार के खिलाफ एक विस्तृत राजनीतिक ‘आरोप पत्र’ (चार्जशीट) पुस्तिका जारी की। बीजेपी ने इस दस्तावेज को राज्य सरकार के कार्यकाल की कथित लूट, भ्रष्टाचार, कुशासन और वादाखिलाफी का लेखा-जोखा बताया है।

बीजेपी ने इस आरोप पत्र के जरिए विकास, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, खनिज संपदा के दुरुपयोग और युवाओं को रोजगार देने जैसे कई प्रमुख मोर्चों पर राज्य सरकार को घेरा है। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार के शासन में राज्य का विकास पूरी तरह ठप हो गया है और प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है।

कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाते हुए बीजेपी ने अपने आरोप पत्र में दावा किया है कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में राज्य भर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। पार्टी द्वारा जारी आंकड़ों के हवाले से आरोप लगाया गया कि इस अवधि के दौरान राज्य में लगभग 9,500 हत्याएं, 11,500 अपहरण, 65,000 से अधिक चोरी और साढ़े तीन लाख से ज्यादा संज्ञेय अपराध की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके साथ ही महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर भी सरकार की कार्यशैली की आलोचना की गई है।

बीजेपी ने अपने दस्तावेज में सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप भी लगाया है। पार्टी के अनुसार, सरकार हर साल 5 लाख युवाओं को नौकरी देने, बेरोजगारी भत्ता प्रदान करने और परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में विफल रही है। इसके अलावा, ‘जल, जंगल और जमीन’ की रक्षा के दावों पर सवाल उठाते हुए आदिवासियों, किसानों और मूलवासियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया गया है। बीजेपी ने इस आरोप पत्र को आम जनता के बीच ले जाकर सरकार की विफलताओं को उजागर करने की रणनीति तैयार की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!