जांच में सुरक्षा के दावों की खुली पोल: न सीसीटीवी कैमरे मिले, न ही जरूरी रजिस्टर; शिक्षा विभाग ने दी तालाबंदी की चेतावनी
दुमका| रामगढ़ प्रखंड के जोगिया स्थित न्यारा पेट्रोल पंप के ठीक पीछे संचालित संत पीटर विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश गहरा गया है। शनिवार को पीड़ित छात्राओं के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विद्यालय परिसर से लेकर थाने तक जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्कूल को तत्काल बंद करने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर कठोर सजा दिलाने की मांग की है।

शिक्षा विभाग की जांच में मिलीं गंभीर अनियमितताएं
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे रामगढ़ के बीआरपी नजीसूल हक ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वर्ग कक्षों, छात्रावास और बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से जांच की, जिसमें कई चौंकाने वाली खामियां सामने आईं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन आवश्यक दस्तावेज और रजिस्टर तक प्रस्तुत नहीं कर सका।
सुरक्षा के नाम पर पूरे परिसर में एक भी सीसीटीवी कैमरा लगा नहीं पाया गया और भवन की स्थिति भी बच्चों के अनुकूल नहीं मिली। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को दोपहर और रात में दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता व पौष्टिकता पर भी गंभीर सवाल उठे हैं। जांच के दौरान हॉस्टल प्रभारी अमित हांसदा ने बताया कि स्कूल में कुल 42 बच्चे नामांकित हैं। उन्होंने पुष्टि की कि कथित उत्पीड़न मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और पुलिस ने पीड़ित बच्चियों को मेडिकल जांच के लिए बुलाया है। उनके अनुसार, विद्यालय की वार्डन के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है, जबकि निदेशक पिछले कई दिनों से स्कूल से बाहर हैं और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
व्यवस्थाओं से नाराज बीआरपी नजीसूल हक ने प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि अभिभावक फीस के साथ-साथ अपना भरोसा भी सौंपते हैं। परिसर में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित न कर पाना बेहद गंभीर है और इस अव्यवस्था पर स्कूल में तालाबंदी की कार्रवाई की जाएगी।
मोटी फीस वसूली, लेकिन सुरक्षा शून्य; बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित अभिभावक
शनिवार को विद्यालय परिसर पहुंचे आक्रोशित परिजनों ने बताया कि नामांकन के समय प्रबंधन 10 हजार रुपये और हर महीने 3500 रुपये फीस वसूलता है। इतनी मोटी रकम लेने के बावजूद बच्चों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगाए गए और भोजन की गुणवत्ता भी बेहद खराब है।
हालांकि, स्कूल बंद करने की मांग के बीच अभिभावक बच्चों के शैक्षणिक भविष्य को लेकर भी चिंतित नजर आए। परिजनों का कहना है कि नवंबर माह समाप्त होने वाला है, ऐसे में यदि विद्यालय बंद होता है तो बच्चों की पढ़ाई बीच सत्र में ही रुक जाएगी और दूसरे स्कूल में दाखिला लेने पर करीब छह महीने का नुकसान होगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी पढ़ाई जारी रखने की वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाए।
थाने में हंगामा, पुलिस ने दिया निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा
स्कूल परिसर के बाद आक्रोशित परिजन रामगढ़ थाने पहुंचे और त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। स्थिति को संभालते हुए थाना प्रभारी ने परिजनों को शांत कराया। उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply