JHAHIN/2014/58773

दोस्ती शर्मसार: दोस्त से ही 200 रुपये लेकर खरीदा चाकू, 25 हजार की लूट का विरोध करने पर किया जानलेवा हमला

Spread the love

दुमका। उपराजधानी दुमका के खुटाबांध इलाके में दोस्ती के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त से 200 रुपये उधार लेकर बाजार से चाकू खरीदा और फिर उसी चाकू से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी वारदात में अमन कुमार नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

 अस्पताल के बिस्तर से अपनी आपबीती सुनाते हुए पीड़ित अमन ने मुख्य आरोपी गोविंद मिश्रा समेत चार युवकों पर रुपये लूटने और जान से मारने की नीयत से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है।

घटना के संबंध में घायल अमन कुमार ने बताया कि उसके पिता ने नया मोबाइल फोन खरीदने के लिए उसे 50,000 रुपये दिए थे। इसी मोटी रकम को देखकर उसके दोस्तों की नीयत डोल गई। आरोप है कि मुख्य आरोपी गोविंद मिश्रा ने अपने तीन अन्य साथियों दिलशाद, गोलू और मोनू के साथ मिलकर खुटाबांध इलाके में अमन को घेर लिया। चारों आरोपियों ने जबरन अमन के पास से 25,000 रुपये छीन लिए।

जब अमन ने अपने पैसे छीने जाने का विरोध किया और रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने उस पर कई बार वार किए और उसके पेट में भी चाकू घोंपने की कोशिश की। खुद को घिरा देख अमन ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और हमलावरों के चंगुल से छूटकर वहां से भाग निकला, जिससे उसकी जान बच सकी।

पीड़ित अमन ने पुलिस और मीडिया के समक्ष यह भी दावा किया है कि मुख्य आरोपी गोविंद मिश्रा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। अमन के मुताबिक, गोविंद पूर्व में भी चाकूबाजी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है, लेकिन अब तक उसके खिलाफ कोई ठोस और सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण उसके हौसले बुलंद हैं। फिलहाल, घायल युवक का उपचार जारी है और दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!