नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर को निशाना बनाने की एक बड़ी आतंकी साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते नाकाम कर दिया है। खुफिया एजेंसियों और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक गुप्त ऑपरेशन में पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर ‘उमर’ के छद्म नाम से सक्रिय था और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेल रहा था।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी को पिछले महीने ही खुफिया एजेंसियों ने पकड़ लिया था और बाद में उसे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंप दिया गया। शुक्रवार को इस गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई। आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। पहले उससे पूछताछ की गई, फिर सबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
*WhatsApp, Telegram और Instagram से ब्रेनवॉश*
आरोपी पर आरोप है कि वह WhatsApp, Telegram और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं के संपर्क में आता था। पहले वह उनसे दोस्ती करता, फिर धीरे-धीरे उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करता और स्थानीय स्तर पर हमले के लिए उकसाता था। जांच में ISI समर्थित डिजिटल नेटवर्क के तार सामने आए हैं, जिसका मकसद युवाओं का ब्रेनवॉश करके उन्हें भारत में ही हमले के लिए तैयार करना था।
आरोपी के मोबाइल से 4 से 5 पाकिस्तानी फोन नंबर मिले हैं, जो ‘Boss’, ‘Jatt Sahab’, ‘Big Boss’, ‘Nazim Dogar’ और ‘Doctor’ जैसे कोड नामों से सेव थे। अधिकारियों का दावा है कि वह करीब 2 साल से पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में था। उसके हेरोइन की खेप मंगवाने में भी शामिल होने का शक है।
लाल किला ब्लास्ट की बरसी पर हाई अलर्ट
यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब एजेंसियां पिछले साल लाल किले के पास हुए धमाके की बरसी को लेकर हाई अलर्ट पर थीं। इनपुट था कि पाकिस्तान समर्थित कई मॉड्यूल, जिनमें शहजाद भट्टी का मॉड्यूल भी शामिल है, पिछले साल जैसी घटना को दोहराने की कोशिश कर रहे थे। पिछले साल के धमाके में करीब एक दर्जन लोगों की मौत हुई थी।
गुजरात मॉड्यूल से कनेक्शन की जांच
दिल्ली पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या इस आरोपी का संबंध गुजरात में पकड़े गए जैश के संदिग्ध से है। गुजरात ATS ने 27 नवंबर को वडोदरा के जरोद बस स्टैंड के पास मोहम्मद सहरुल इस्लाम को गिरफ्तार किया था। वह असम का रहने वाला है। उसके पास से AK-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। उसके फोन से वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन की तस्वीरें भी मिली हैं।
फिलहाल दिल्ली मामले में और कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी से जुड़े कई युवाओं से पूछताछ की गई है, लेकिन वे कट्टरपंथ के शुरुआती चरण में पाए गए, इसलिए उन्हें मुख्यधारा में लौटने का मौका दिया जा सकता है। एजेंसियां अब फंडिंग, लॉजिस्टिक्स और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं। आने वाले हफ्तों में चार्जशीट दाखिल की जा सकती है।













Leave a Reply