नयाग्राम। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए झाड़ग्राम जिले के नयाग्राम ब्लॉक अंतर्गत चामरबांध गांव में शुक्रवार को विशेष विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ राष्ट्रीय अभियान के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 350 ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। शिविर के बाद स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता पदयात्रा निकालकर लोगों को इस सामाजिक बुराई के प्रति सचेत किया।
कार्यक्रम का आयोजन चामरबांध गांव के ‘आमरा कोयेकजन’ क्लब की पहल पर झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में तथा स्वयंसेवी संस्था ‘कोसी लोक मंच’ की झाड़ग्राम शाखा के सहयोग से किया गया।
शिविर में झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायाधीश रीहा त्रिवेदी ने नालसा (आशा) एसओपी-2025 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आशा का अर्थ अवेयरनेस, सपोर्ट, हेल्प एंड एक्शन है। इस पहल का उद्देश्य जागरूकता, सहयोग, सहायता और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से बाल विवाह को रोकना है। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम-2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसे रोकने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को जानकारी दी जा सकती है। जरूरतमंदों को प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही बाल विवाह की आशंका वाले मामलों में समय रहते हस्तक्षेप कर बच्चों की सुरक्षा और पुनर्वास की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के ऑफिस मास्टर सुब्रत बारिक ने कार्यालय के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सेवाओं और सहायता की जानकारी दी। वहीं, अधिकार मित्र रीता दास दत्ता ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि किसी भी कानूनी समस्या में वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
नयाग्राम थाना के प्रभारी निरीक्षक राम नारायण पाल ने थाना क्षेत्र की विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बाल विवाह की किसी भी घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को समय पर सूचना देना जरूरी है।
इस मौके पर कोसी लोक मंच की जिला संयोजक मोनालिसा पाल ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस कुप्रथा से बच्चों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने अभिभावकों और ग्रामीणों से बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में चामरबांध ‘आमरा कोयेकजन’ क्लब के तुफान राउत और नयाग्राम थाना क्षेत्र के अधिकार मित्र आलोक सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।













Leave a Reply