खड़गपुर। यात्री सुविधाओं में सुधार और रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को खड़गपुर रेल मंडल में मंडलीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की 121वीं बैठक आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय की अध्यक्षता में हुई यह बैठक एक सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2028 तक के लिए गठित नई समिति की पहली बैठक थी।
बैठक में विभिन्न यात्री संगठनों, दिव्यांगजन कल्याण संस्थाओं, चैंबर ऑफ कॉमर्स, व्यापार एवं उद्योग जगत, सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधियों तथा सांसदों के नामित सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान सदस्यों ने यात्री सुविधाओं, स्टेशन पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और यात्री कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए रेल प्रशासन के समक्ष अपने सुझाव रखे। कई समस्याओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई। रेल प्रशासन ने सभी सुझावों और शिकायतों पर गौर करते हुए व्यवहार्यता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक एवं डीआरयूसीसी के सचिव निशांत कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों, विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के लिए उठाए गए कदमों तथा आगामी परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मंडल में चल रही विभिन्न विकासात्मक पहलों और भविष्य की योजनाओं से सदस्यों को अवगत कराया।
बैठक के दौरान रेल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष जोर दिया गया। डीआरएम ललित मोहन पांडेय और वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार ने समिति के सदस्यों से आम लोगों के बीच रेल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने अनावश्यक रूप से अलार्म चेन खींचने, रेलवे ट्रैक पार करने तथा अन्य असुरक्षित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जनसहयोग को जरूरी बताया।
अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित, संरक्षित और सुचारु रेल परिचालन के लिए रेलवे प्रशासन के साथ आम लोगों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। बैठक के अंत में यात्री प्रतिनिधियों और रेल प्रशासन के बीच नियमित संवाद तथा आपसी सहयोग के माध्यम से यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।













Leave a Reply