JHAHIN/2014/58773

खड़गपुरः रेल सुरक्षा की पड़ताल के लिए खड़गपुर-बालेश्वर सेक्शन में पहुंची विशेष टीम

Spread the love

खड़गपुर। ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन और रेलवे की आधारभूत संरचनाओं की स्थिति का आकलन करने के लिए शुक्रवार को खड़गपुर-बालेश्वर रेलखंड में विशेष सुरक्षा ऑडिट किया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी अनूप कुमार सत्पथी के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड (एसएजी) स्तर की टीम ने विभिन्न रेल परिसंपत्तियों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण अभियान के तहत बेनापुर-नारायणगढ़ सेक्शन में कर्व संख्या 33 और माइनर ब्रिज संख्या 158 की जांच की गई। इसके बाद टीम ने बस्ता-रूपसा सेक्शन में अप लाइन पर स्थित बालीघई के मेजर ब्रिज संख्या 234 का निरीक्षण किया। बालेश्वर और जलेश्वर रेलवे स्टेशनों के साथ उनके यार्ड की व्यवस्थाओं को भी परखा गया।

इस दौरान खड़गपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) बाबुल बर्मन सहित मंडल के कई अधिकारी टीम के साथ मौजूद रहे। निरीक्षण में रेलवे परिसंपत्तियों के रखरखाव, सुरक्षा नियमों के पालन और ट्रेन परिचालन की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की संभावनाओं का भी आकलन किया गया।

रेलवे के विभिन्न जोनों के बीच तकनीकी जानकारी और अनुभव साझा करने के उद्देश्य से अंतर-रेलवे सुरक्षा ऑडिट आयोजित किया जाता है। इससे सुरक्षा संबंधी कमियों की पहचान करने और बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाने का अवसर मिलता है। रेलवे का मानना है कि ऐसे निरीक्षणों से रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!