पत्नी कल्पना सोरेन के साथ घोड़ाबांधा पहुंचे मुख्यमंत्री, अर्जुन मुंडा और परिजनों से मिलकर जताई शोक संवेदना
जमशेदपुर। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को अपनी पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ जमशेदपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की दिवंगत माता सायरा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने अर्जुन मुंडा एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार का ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन हेलीकॉप्टर से नेमरा से सीधे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा पहुंचे। यहां पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पर उन्होंने स्वर्गीय सायरा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद अर्जुन मुंडा और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राजनीतिक जीवन से ऊपर उठकर समाज में हम सभी के बीच व्यक्तिगत और सामाजिक रिश्ते होते हैं। इन रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं का ही तकाजा है कि वह आज अर्जुन मुंडा के आवास पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह शोकाकुल परिवार के साथ हैं और दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर मानवीय रिश्तों और सामाजिक सौहार्द की एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।













Leave a Reply