JHAHIN/2014/58773

खड़गपुरः आपात स्थिति में जीवन बचाने के लिए रेलवे कर्मचारियों को दिया गया सीपीआर प्रशिक्षण

Spread the love

खड़गपुर। चिकित्सा आपातकाल के दौरान त्वरित सहायता और जीवनरक्षक उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में गुरुवार को विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल के चिकित्सा विभाग की ओर से वर्कशॉप स्थित फर्स्ट एड यूनिट परिसर में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य जांच शिविर के साथ प्राथमिक उपचार और कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. इंद्रजीत चटर्जी, एसीएमएस (प्रशासन) डॉ. उप्पल लाहा और डॉ. तेजस कुमार ने किया।

इस अवसर पर सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के खड़गपुर मंडल के डिविजनल कमांडर असीम नाथ ने प्राथमिक उपचार के बुनियादी तरीकों और सीपीआर की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सीपीआर की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन कर आपातकालीन स्थिति में इनके सही इस्तेमाल की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान नंदा, बलई और श्याम सहित चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों ने प्रतिभागियों को सीपीआर का व्यावहारिक अभ्यास कराया। इसका उद्देश्य लोगों को ऐसी परिस्थितियों के लिए तैयार करना था, जब समय पर दी गई मदद किसी की जान बचा सकती है।

आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग के लिए सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के प्रति आभार जताया। इस पहल के माध्यम से प्राथमिक उपचार और सीपीआर के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!