खड़गपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के खड़गपुर-राखामाइंस रेलखंड में अंतर रेलवे वरिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड (एसएजी) स्तर का सुरक्षा ऑडिट किया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी अनूप कुमार सत्पथी के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न रेलवे प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण दल में परिचालन, सिविल इंजीनियरिंग, सिग्नलिंग, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। टीम में रेलवे मुख्यालय और मंडल स्तर के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान खड़गपुर के अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) बाबुल बर्मन सहित मंडल के अन्य शाखा अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सुरक्षा ऑडिट के तहत टीम ने खड़गपुर रेलवे स्टेशन और यार्ड, रनिंग रूम, क्रू एवं ट्रेन मैनेजमेंट (टीएम) लॉबी तथा स्वचालित दुर्घटना ट्रेन (SPART) और स्वचालित दुर्घटना राहत चिकित्सा वैन (SPARMV) सुविधाओं का जायजा लिया। इसके अलावा खड़गपुर से राखामाइंस तक विंडो निरीक्षण किया गया। इस दौरान रेलखंड की परिचालन व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की गई। टीम ने झाड़ग्राम और चाकुलिया रेलवे स्टेशन तथा उनके यार्ड का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रेलवे प्रतिष्ठानों में सुरक्षा संबंधी आधारभूत सुविधाओं, परिचालन प्रक्रियाओं और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
यह सुरक्षा ऑडिट 27 नवंबर को भी जारी रहेगा। इस दिन निरीक्षण दल खड़गपुर-रानीताल रेलखंड का जायजा लेगा। रेलवे का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ परिचालन में संभावित खामियों की पहचान करना तथा रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित बनाना है।













Leave a Reply