जमशेदपुर। आदिवासी हो समाज युवा महासभा की ओर से आगामी 28 और 29 नवंबर को जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में 13वें नेशनल हो यूथ मीट-2026 “षिरजोन” का आयोजन होगा। बुधवार को गोलमुरी स्थित आदिवासी हो समाज भवन में हुई प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने तैयारियों की जानकारी दी।
आयोजन समिति के अनुसार, महानगर से लेकर छोटे-छोटे गांव तक हर युवा में षिरजोन को लेकर उत्साहित है। जमशेदपुर, रांची, चाईबासा, चक्रधरपुर, राउरकेला, भुवनेश्वर, मयूरभंज, क्योंझर, कोलकाता, दिल्ली-मुंबई, असम, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और बेंगलुरु में रहने वाले हो युवा भी अपने गांव की ओर लौट रहे हैं। सोशल मीडिया से लेकर गांव की बैठकों तक सिर्फ एक ही चर्चा है कि इस बार का यूथ मीट सबसे ऐतिहासिक होगा।
दो दिवसीय मीट में फैशन शो, ड्रामा, पारंपरिक नृत्य, पेंटिंग, खेल और जनजातीय फूड, कपड़े, पुस्तकें, हस्तशिल्प की प्रदर्शनी होगी। वहीं ओपन स्टेज पर 10 महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसमें पांचवीं अनुसूची, PESA अधिनियम, कौशल विकास, रोजगार, उच्च शिक्षा, हो भाषा को आठवीं अनुसूची में मान्यता, महिला सशक्तिकरण, ट्रांसजेंडर समावेशन, बाल विवाह रोकथाम और स्वास्थ्य जैसे विषय शामिल हैं।
आयोजकों ने कहा कि षिरजोन का मतलब है नई रचना, नई उत्पत्ति। यह सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि हो समाज की एकता, भाषा, संस्कृति और अस्मिता का महाकुंभ है।
प्रेस वार्ता में अध्यक्ष सुष्मिता बिरुवा, महासचिव शांति सिदू, उपाध्यक्ष निकिता सोय समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।













Leave a Reply