JHAHIN/2014/58773

झाड़ग्राम: बाजार में दामों की पड़ताल करने पहुंचा प्रशासन, दुकानदारों को दी सख्त हिदायत

Spread the love

झाड़ग्राम । बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी और ग्राहकों से मनमानी वसूली रोकने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गोपीबल्लभपुर बाजार में पुलिस और ब्लॉक प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
गोपीबल्लभपुर थाना के पुलिस और ब्लॉक प्रशासन के अधिकारियों ने बाजार पहुंचकर सब्जी, फल और किराना दुकानों में वस्तुओं की कीमतों की जानकारी ली। इस दौरान कारोबारियों से सामानों के खरीद मूल्य और बिक्री मूल्य के बारे में पूछताछ की गई। अधिकारियों ने यह भी देखा कि बाजार में ग्राहकों से निर्धारित और उचित कीमत से अधिक राशि तो नहीं वसूली जा रही है। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को स्पष्ट रूप से आगाह किया गया कि वे आवश्यक वस्तुओं की बिक्री उचित बाजार दर पर ही करें। किसी भी तरह की कालाबाजारी, मनमानी कीमत वसूली अथवा ग्राहकों से अनुचित राशि लेने की शिकायत प्रमाणित होने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से कारोबारियों को उपभोक्ताओं के हितों का ध्यान रखने और बाजार में मूल्य संबंधी पारदर्शिता बनाए रखने की भी हिदायत दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल का मुख्य उद्देश्य बाजार में कृत्रिम महंगाई पर अंकुश लगाना और आम लोगों को उचित कीमत पर जरूरी सामान उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!