बहरागोड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा में शुक्रवार को झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर एक व्यापक और जनोपयोगी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। इस शिविर के दौरान यक्ष्मा (टीबी) की जांच एवं उपचार की व्यवस्था के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को पोषण पोटली का वितरण किया गया। वहीं आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं और एनoसीoडी (गैर-संचारी रोग) स्कैनिंग के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य की प्रारंभिक जांच भी की गई।साथ ही पुरुष नसबंदी और महिला बंध्याकरण को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया तथा आयुष पद्धति के तहत परामर्श एवं नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।वहीं इसी कड़ी में दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित महिला बंध्याकरण कैंप में कई महिलाओं का सुरक्षित और सफल बंध्याकरण भी किया गया। जबकि एक अन्य सत्र में सहिया एवं सहिया साथियों को जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कैप्सूल ट्रेनिंग भी प्रदान की गई। इस पूरे आयोजन और स्वास्थ्य सेवाओं के सफल संचालन के मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उत्पल मुर्मू, बीपीएम दुर्गा उरांव, ज्योति प्रसाद गिरि, महेश्वर मुंडा, मधुमिता पांडा, हेमलता मुंडा, रेखा सिन्हा, मनीषा हांसदा, श्रीमा प्रीति टोप्पो समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिवार के सभी चिकित्सा एवं स्वास्थ्यकर्मी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
बहरागोड़ा: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन













Leave a Reply