पश्चिम मेदिनीपुर। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन साहित्य अकादमी की ओर से आयोजित लिटरेरी फोरम की विषय आधारित परिचर्चा में दांतन के शोधकर्ता संतु जाना को आमंत्रित किया गया। ‘बांग्ला साहित्य और क्षेत्रीय लोकसंस्कृति’ विषय पर आयोजित इस परिचर्चा में उन्होंने ‘मेदिनीपुर की सुवर्णरेखा भाषा और साहित्य के क्रमिक विकास में जड़ों और संस्कृति का समन्वय’ विषय पर अपना शोधपरक वक्तव्य प्रस्तुत किया।
इस आयोजन का विशेष महत्व इसलिए भी रहा कि ओडिशा सीमावर्ती मेदिनीपुर क्षेत्र के प्रांतीय जनजीवन और लोकसंस्कृति पर आधारित जमीनी शोध को प्रस्तुत करने के लिए साहित्य अकादमी के मंच पर इस अंचल से पहली बार किसी शोधकर्ता को आमंत्रित किया गया। संतु जाना ने अपने वक्तव्य में सुवर्णरेखा क्षेत्र की भाषा, साहित्य, लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत के विभिन्न पहलुओं को सामने रखा। उन्होंने क्षेत्र के प्रांतीय जनजीवन से जुड़े सर्वेक्षण और शोध के आधार पर अपनी बातें रखीं। परिचर्चा का आयोजन हुगली जिले के खानाकुल स्थित राजा राममोहन राय की जन्मस्थली में उनके नाम पर स्थापित महाविद्यालय के सभागार में किया गया। आयोजन में महाविद्यालय के साथ शांतिनिकेतन की संस्था ‘सहजपथ’ ने भी सहयोग किया।
इस अवसर पर मंदिर विशेषज्ञ डॉ. श्यामसुंदर बेरा, प्राध्यापक डॉ. रुबेल पाल, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक भार्गव सहित कई शोधकर्ता, शिक्षाविद् और बुद्धिजीवी उपस्थित थे। साहित्य अकादमी के इस मंच पर सुवर्णरेखा क्षेत्र की भाषा और लोकसंस्कृति को स्थान मिलने से सीमावर्ती मेदिनीपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद जगी है।













Leave a Reply