रांची। परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति गरम है, लेकिन झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। पार्टी शीर्ष नेतृत्व फिलहाल ‘देखो और इंतजार करो’ की नीति पर चल रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस मुद्दे पर समर्थन या विरोध को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है।
शुक्रवार को रामगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली के घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। संसद के विशेष सत्र में क्या होता है, यह देखना होगा। उन्होंने कहा कि यह कोई पहला विशेष सत्र नहीं है, पहले भी ऐसे सत्र आते-जाते रहे हैं। जिस तरह से कानून बनाए जा रहे हैं और उनकी हालत क्या हो रही है, वह सबके सामने है।
दूसरी ओर, शनिवार को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक बुलाई गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परिसीमन बिल पर विपक्ष की रणनीति तय करने के लिए यह बैठक बुलाई है। इसमें जेएमएम अध्यक्ष हेमंत सोरेन जाएंगे या उनके प्रतिनिधि जाएंगे, यह भी अभी साफ नहीं है। इस सस्पेंस ने कांग्रेस की चिंता और बढ़ा दी है।
जेएमएम प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि पहले विधेयक को देखा जाएगा। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का अनुपात क्या रहता है, इसे देखना होगा। बहुत सारे पहलुओं पर विचार करने के बाद ही देश और झारखंड के हित में निर्णय लिया जाएगा। लोकसभा सांसद विजय हांसदा ने भी कहा कि पार्टी ने अभी तक विधेयक का मसौदा नहीं देखा है, इसलिए समर्थन या विरोध पर फैसला नहीं हो सकता।
दरअसल, जेएमएम की चिंता आदिवासी सीटों को लेकर है। अप्रैल 2026 में जब परिसीमन बिल लोकसभा में पेश हुआ था, तब JMM ने इसका विरोध किया था। तब दिवंगत शिबू सोरेन ने कहा था कि परिसीमन के कारण झारखंड में आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या कम हो जाएगी। इसी वजह से तब झारखंड में परिसीमन नहीं हुआ था।
अब भी पार्टी के नेता यही कह रहे हैं। केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने साफ किया कि जेएमएम परिसीमन के खिलाफ नहीं है, लेकिन आदिवासी विधानसभा सीटें घटाने की कोशिश हुई तो सड़क से सदन तक विरोध होगा। राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी बिना अपडेटेड आंकड़ों के परिसीमन पर सवाल उठाया है।
झारखंड में कांग्रेस और जेएमएम सत्ता के साझेदार हैं। कांग्रेस बिल का खुलकर विरोध कर रही है, जबकि जेएमएम की चुप्पी से कांग्रेस के भीतर बेचैनी है। माना जा रहा है कि एक-दो दिन में जेएमएम का रुख साफ हो सकता है।













Leave a Reply