ट्रैफिक कॉलोनी के क्वार्टर नंबर 98/1 में रखे रिजेक्टेड तकिये और चादरों में लगी आग, झारखंड अग्निशमन विभाग की चार और टाटा स्टील की दो दमकल गाड़ियां पहुंचीं मौके पर
जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना अंतर्गत गुदरी मार्केट के पीछे स्थित रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के एक क्वार्टर में शनिवार रात करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका।
मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या 98/1 में ट्रेनों में यात्रियों के इस्तेमाल के लिए रखे जाने वाले तकिये और चादरें रखी हुई थीं। बताया जा रहा है कि ये तकिये और चादरें रेलवे द्वारा पहले ही रिजेक्ट की जा चुकी थीं। इतना ही नहीं, इन सामानों की नीलामी की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी। इसके बावजूद रिजेक्ट किए गए तकिये और चादरें क्वार्टर में रखी हुई थीं। इसी दौरान शनिवार रात अचानक उनमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां शुरुआती तौर पर मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग की भयावहता और क्वार्टर में बड़ी मात्रा में रखे तकिये एवं चादरों के कारण आग पर तत्काल काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। देर रात तक झारखंड अग्निशमन विभाग की कुल चार और टाटा स्टील अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। करीब छह दमकल गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही बागबेड़ा थाना प्रभारी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और आरपीएफ की टीम घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। आग बुझाने के दौरान आसपास के इलाके में भी सतर्कता बरती गई।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, क्वार्टर में रखे सामान को हुए नुकसान का भी आकलन किया जाना बाकी है। घटना के बाद रेलवे की ओर से क्वार्टर में रिजेक्ट किए गए सामान को नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद रखे जाने के मामले में भी सवाल उठ रहे हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि आग कैसे लगी और क्वार्टर में रखे सामान के संबंध में रेलवे की क्या व्यवस्था थी।













Leave a Reply