संथाल परगना में घटती आदिवासी आबादी और बांग्लादेशी घुसपैठ को बताया देश को अंदर से तोड़ने की साजिश
दुमका। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को दुमका परिसदन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलकर एक बड़ी साजिश रची जा रही है। सांसद ने दावा किया कि देश में अस्थिरता फैलाने के मकसद से राहुल गांधी ने पिछले 10 वर्षों में करीब 270 बार विदेश यात्राएं की हैं। इस दौरान उन्होंने इल्हान उमर जैसी अमेरिकी सांसद से भी मुलाकात की, जो कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बता चुकी हैं और फिलहाल झूठी जानकारी देकर अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के आरोप में वहां छापों का सामना कर रही हैं।
सांसद ने आर्थिक मोर्चे पर विदेशी साजिश का जिक्र करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्रिप्टोकरेंसी और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए देश को भारी नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन गैंबलिंग 30-35 ट्रिलियन डॉलर का कारोबार बन चुका है, जबकि बिना किसी कानूनी वजूद वाली क्रिप्टोकरेंसी पूरी दुनिया में लोगों को बर्बाद कर रही है।
संथाल परगना की स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए निशिकांत दुबे ने कहा कि क्षेत्र की जनसांख्यिकी में जानबूझकर बदलाव किया जा रहा है। 1951 में जहां संथाल परगना में आदिवासी आबादी 45 प्रतिशत थी, वह अब घटकर मात्र 26-27 प्रतिशत रह गई है। वहीं, बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण मुस्लिम आबादी बढ़कर 24-25 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि कराची में दाऊद इब्राहिम, कनाडा में गुरपतवंत सिंह पन्नू और मलेशिया में जाकिर नाइक जैसे लोग इस देश को धर्म और जाति के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का इतिहास होने का आरोप लगाते हुए 1974 का वह वाकया भी याद दिलाया, जब आठ जजों को नजरअंदाज करके सुप्रीम कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। प्रेस वार्ता में जिला भाजपा अध्यक्ष, जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कु सहित भाजपा के कई और गन्य मान्य नेता उपस्थित रहे ।















Leave a Reply