JHAHIN/2014/58773

वज्रपात से बचाव को लेकर झाड़ग्राम जिला पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Spread the love

झाड़ग्राम। जिले में वज्रपात की आशंका को देखते हुए झाड़ग्राम जिला पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों को साझा करते हुए पुलिस ने लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, जलाशयों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

पुलिस के अनुसार, आकाशीय बिजली चमकने या गरज के साथ बारिश के दौरान लोग तत्काल सुरक्षित आश्रय में चले जाएं। संभव हो तो पक्के भवन के अंदर रहें। वाहन में मौजूद लोगों को वाहन के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है। घर में बिजली के उपकरणों का उपयोग करने से बचने तथा आवश्यक होने पर विद्युत कनेक्शन काटने को कहा गया है। यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर फंस जाए तो जमीन पर सीधे लेटने के बजाय नीचे झुककर बैठने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वज्रपात के दौरान पेड़ के नीचे आश्रय नहीं लेना चाहिए। खुले मैदान में खड़े रहने, जलाशय या अन्य जलस्रोत में जाने, छाता या धातु की वस्तुओं का इस्तेमाल करने से बचने को कहा गया है। खुले वाहनों में यात्रा करने तथा ऊंचे स्थानों पर जाने से भी परहेज करने की अपील की गई है।

झाड़ग्राम जिला पुलिस ने लोगों से मौसम में बदलाव के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आपात स्थिति में 100 या 112 पर सहायता मांगी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *