जमशेदपुर। द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर विमेन के सेमिनार हॉल में मंगलवार को आयकर विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता 2026 के अंतर्गत एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के कॉमर्स विभाग एवं बीबीए विभाग की पहल पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. अर्चना सिन्हा ने विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी, नैतिकता, पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा विद्यार्थियों को अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
कार्यक्रम का आयोजन आयकर विभाग के महानिदेशालय (सतर्कता), नई दिल्ली तथा प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, बिहार एवं झारखंड के दिशा-निर्देशों के तहत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर आशीष कुमार, उप आयकर आयुक्त उपस्थित थे। उनके साथ आयकर अधिकारी सत्येंद्र कुमार, प्रवीण कुमार चौहान, बिपिन कुमार सिंह, तथा शिवलाल दीप उपस्थित रहे।
आयकर विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सतर्कता, ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक रहने के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने अपने विचारों के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा और जवाबदेही बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन बिपिन कुमार सिंह और बीबीए विभाग की डॉ. संयंतानी बनर्जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण डॉ. किरण दुबे, डॉ. सुशीला सुसारीन हांसदा, डॉ. भारती कुमारी, डॉ. बनश्री डे, डॉ. सुलेखा कुमारी, फरजाना नईम, डॉ. शारदा कुमारी, डॉ. पूर्वा दुबे एवं सुदीप्ता दास सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।













Leave a Reply