आदित्यपुर। औद्योगिक नगरी आदित्यपुर में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरआईटी थाना क्षेत्र में 111 सेव लाइफ अस्पताल के निदेशक डॉ ओपी आनंद पर गोली चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप उनके बड़े भाई पर लगा है।
जानकारी के अनुसार डॉ ओपी आनंद और उनके बड़े भाई सत्य प्रकाश सुधांशु के बीच लंबे समय से जमीन-जायदाद को लेकर विवाद चल रहा था। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की घटनाएं हो चुकी हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम विवाद फिर बढ़ गया। कहासुनी के दौरान बड़े भाई ने लाइसेंसी हथियार से फायर कर दिया। गोली डॉ आनंद को लगी और वे वहीं घायल होकर गिर पड़े। परिजनों और स्टाफ ने उन्हें तुरंत जमशेदपुर के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटाई है और पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने आधिकारिक रूप से गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।













Leave a Reply