JHAHIN/2014/58773

समय रहते सतर्कता दिखाकर संभावित रेल हादसा टालने वाले गेटमैन सम्मानित

Spread the love

खड़गपुर। समय रहते सतर्कता और सूझबूझ दिखाकर संभावित रेल हादसे को टालने वाले दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के गेटमैन गोपाल नाथ को मंगलवार को सम्मानित किया गया। खड़गपुर मंडल के डीआरएम ललित मोहन पांडेय ने उन्हें नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

गोपाल नाथ अमरदा रोड और जलेश्वर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित समपार फाटक संख्या 54 पर गेटमैन के पद पर कार्यरत हैं। घटना 15 अक्टूबर 2026 की रात की है। उस समय वे ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 11:47 बजे 15673 चार्लापल्ली-कामाख्या अमृत भारत एक्सप्रेस के समपार से गुजरने के दौरान उन्होंने ट्रेन के पिछले हिस्से में ब्रेक बाइंडिंग की गंभीर समस्या देखी।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तत्काल लाल हाथ संकेत दिखाकर ट्रेन चालक दल को सतर्क किया और अमरदा रोड के स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी। एहतियात के तौर पर ट्रेन को सुरक्षित रूप से रोकने की प्रक्रिया में ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।

गोपाल नाथ की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई से संभावित दुर्घटना टल गई तथा ट्रेन और रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली।

डीआरएम ललित मोहन पांडेय ने उनके कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी की सराहना की। रेलवे की ओर से कहा गया कि इस सम्मान का उद्देश्य सुरक्षित रेल परिचालन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!