विजयादशमी पर महिलाओं ने एक-दूसरे को लगाया सिंदूर, नम आंखों से मां को दी विदाई
झाड़ग्राम (अशोक भद्र ) । जिला मुख्यालय झाड़ग्राम में विजयादशमी के अवसर पर दुर्गा पूजा पंडालों में सिंदूर खेला की परंपरा निभाई गई। महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित करने के बाद एक-दूसरे के माथे पर सिंदूर लगाया और मिठाइयां बांटकर उत्सव की खुशियां साझा कीं। इस दौरान पूजा पंडालों में उल्लास और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। सिंदूर खेला के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां शुरू हुईं। ” ढाक की थाप और असछे बोछोर अबार होबे “जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने मां को विदाई दी। एक ओर सिंदूर खेला की उमंग थी, तो दूसरी ओर मां के विदा होने की उदासी भी श्रद्धालुओं के चेहरों पर साफ झलक रही थी। प्रतिमा विसर्जन के साथ ही दुर्गोत्सव का समापन हो गया। वहीं भक्तों को अगले वर्ष मां के आगमन का इंतजार रहेगा।
इस अवसर पर महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से अपने परिवार, समाज, राज्य और देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। सिंदूर खेला के पारंपरिक आयोजन और प्रतिमा विसर्जन की भावुक बेला ने विजयादशमी को यादगार बना दिया। मां को विदाई देते हुए श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर उनके आगमन की उम्मीद जताई।














Leave a Reply