JHAHIN/2014/58773

आधुनिकता के दौर में भी कायम है भीष्म पंचक की सदियों पुरानी परंपरा

Spread the love

झाड़ग्राम ( अशोक भद्र )। आस्था, लोकविश्वास और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम मंगलवार को गोपीबल्लभपुर के आशुई गांव में देखने को मिला। रास उत्सव के अवसर पर सुवर्णरेखा नदी में शोला से बनी आकर्षक नावें प्रवाहित कर ग्रामीणों ने सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की। इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पांच दिवसीय भीष्म पंचक व्रत का भी पालन किया गया।
इस प्राचीन परंपरा में शामिल होने के लिए सुबह से ही सुवर्णरेखा नदी के घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। आशुई के अलावा गोपीबल्लभपुर, धर्मपुर और श्यामसुंदरपुर गांवों से भी बड़ी संख्या में महिला-पुरुष पहुंचे। सूर्योदय के साथ ही पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। महिलाओं ने शोला से बनी छोटी-छोटी नावों को रंगीन कागज, फूल, तुलसी के पत्तों, गन्ने, अरबी और हल्दी के पौधों से सजाया। इसके बाद सूर्यदेव की विधिवत पूजा कर नावों को नदी की धारा में प्रवाहित किया गया। ग्रामीणों के लिए यह आयोजन महज धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने की सदियों पुरानी परंपरा है। उनकी मान्यता है कि सूर्य की ऊर्जा और नदी का जल जीवन तथा आजीविका के प्रमुख आधार हैं।
महाभारत के पितामह भीष्म के त्याग, आत्मसंयम, धर्मनिष्ठा और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा की स्मृति में यह व्रत किया जाता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी से रास पूर्णिमा तक पांच दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में विभिन्न धार्मिक नियमों का पालन किया जाता है।
व्रती प्रतिदिन सुबह नदी में स्नान कर पूर्वजों के निमित्त तर्पण करते हैं। इसके बाद नदी किनारे गन्ना, केला, अरबी और हल्दी के पौधे लगाकर तथा पारंपरिक अल्पना बनाकर पूजा-अर्चना की जाती है। पांच दिनों तक धार्मिक ग्रंथों का पाठ और श्रवण होता है। इस दौरान व्रती मांसाहार से परहेज करते हैं। कई श्रद्धालु फलाहार कर उपवास भी रखते हैं। इस व्रत से जुड़ी एक लोककथा भी प्रचलित है। मान्यता है कि सरयू नदी के किनारे एक प्राचीन बरगद के पेड़ पर रहने वाले बीमार बगुले ने भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त करने के लिए यह व्रत किया था। इसी कारण कुछ स्थानों पर इसे ‘बक पंचक व्रत’ के नाम से भी जाना जाता है। ग्रामीणों का विश्वास है कि पूरी श्रद्धा से व्रत करने पर भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि आती है।
बदलते समय और आधुनिक जीवनशैली के बावजूद आशुई सहित सुवर्णरेखा नदी के आसपास के गांवों में इस परंपरा का निरंतर निर्वाह क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी ग्रामीण जीवन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!