तालाब में डुबोने की कोशिश, सिर में लगे 20 टांके; हाथ व नाक की हड्डी टूटी

दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के विरोध के दौरान सिनर्जी जियोटैग कंपनी के जनरल मैनेजर सागर सिंह मीणा पर जानलेवा हमला हुआ है। उपद्रवियों ने उन्हें रातभर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और तालाब में डुबोकर मारने की कोशिश की।
ग्रामसभा के दौरान भड़का विवाद
हरियाणा पावर जेनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित कोल ब्लॉक में कोयला टेस्टिंग के लिए सिनर्जी जियोटैग कंपनी बोरिंग कर रही है। करीब 75 प्रतिशत काम पूरा होने के बाद शेष हिस्से पर सहमति के लिए रविवार को कल्याणपुर में ग्रामसभा आयोजित की गई थी। ग्रामसभा में ग्रामीणों ने बोरिंग का विरोध शुरू कर दिया। ग्रेटर नोएडा निवासी जीएम सागर सिंह मीणा का आरोप है कि करीब 50 बाहरी युवा ग्रामीणों को भड़का रहे थे।
गाड़ी से खींचकर किया हमला, रातभर बाइक पर घुमाया
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर ग्रामीणों से वार्ता कर ही रहे थे कि उपद्रवियों ने घटनास्थल से 300 मीटर दूर खड़ी जीएम की गाड़ी को घेर लिया। हमलावरों ने वाहन के शीशे तोड़कर जीएम को बाहर खींचा लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। सिर पर वार होने से वह बेहोश हो गए। उपद्रवियों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और उन्हें तालाब में डुबो दिया। रात करीब 11 बजे से सुबह छह बजे तक उन्हें बेहोशी की हालत में बाइक पर इधर-उधर घुमाया गया।
मृत समझकर गाड़ी में छोड़ा, अस्पताल में भर्ती
सोमवार सुबह करीब छह बजे उपद्रवी उन्हें मृत समझकर उन्हीं की गाड़ी में छोड़कर भाग गए। इसके बाद अंचल अधिकारी के माध्यम से एंबुलेंस बुलाकर उन्हें फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, जीएम के सिर में 20 टांके लगे हैं, जबकि नाक और हाथ की हड्डी टूट गई है।













Leave a Reply