बहरागोड़ा/झाड़ग्राम। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय मैत्री संगठन ने एक बार फिर अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय दिया। मंगलवार को बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पूर्वी सिंहभूम जिला रक्तदान जागरूकता एवं निगरानी समिति की ओर से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में संगठन के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान संगठन के कई सदस्यों ने स्वयं रक्तदान कर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।
मैत्री संगठन के संस्थापक एवं सचिव संदीप साउ की पहल पर आयोजित इस भागीदारी में उनके भाई सुमित साउ, देबाशीष नयेल, रंजन शिट, अमित दास, सचिन नायक और रितेश जाना सहित अन्य कार्यकर्ता एवं रक्तदाता मौजूद रहे।
संगठन लंबे समय से झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों में रक्तदान जागरूकता अभियान, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और रैलियों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता कर रहा है। संगठन का उद्देश्य रक्त संग्रह के साथ-साथ लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करना भी है।
रक्तदान के अलावा मैत्री संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और स्वच्छता के क्षेत्र में भी विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित कर रहा है। इसके क्लीन एंड ग्रीन मिशन के तहत स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि शिक्षा और स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से ग्रामीण बच्चों की पढ़ाई में सहयोग तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन के संस्थापक एवं सचिव संदीप साउ ने कहा कि समाज सेवा किसी राज्य की सीमा में बंधी नहीं होती। झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लोगों के बीच सहयोग, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी रक्तदान सहित विभिन्न सामाजिक अभियानों के जरिए जरूरतमंद लोगों की सहायता जारी रहेगी।













Leave a Reply