खड़गपुर। मानव तस्करी के खिलाफ अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। खड़गपुर मंडल की आरपीएफ टीम ने हिजली रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों को मुक्त कराया। वहीं, उन्हें कथित तौर पर तमिलनाडु के तिरुपुर स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में काम दिलाने के लिए ले जा रहे 46 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को आरपीएफ पोस्ट हिजली और क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (सीआईबी), खड़गपुर की संयुक्त टीम ने हिजली स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान दोपहर 1:55 बजे प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची ट्रेन संख्या 22605 पुरुलिया-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे की तलाशी ली गई। जांच के दौरान तीन नाबालिग एक वयस्क व्यक्ति के साथ संदिग्ध हालत में सफर करते मिले। पूछताछ में तीनों बालकों ने बताया कि उन्हें तमिलनाडु के तिरुपुर स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में काम कराने के लिए ले जाया जा रहा था। इसके बदले प्रत्येक को 15 हजार रुपये मासिक वेतन देने का भरोसा दिया गया था। उनके साथ मौजूद व्यक्ति की पहचान अजीत लोहार (46) के रूप में हुई। उसने भी स्वीकार किया कि वह तीनों को फैक्ट्री में काम दिलाने के लिए ले जा रहा था। हालांकि, नाबालिगों को दूसरे राज्य ले जाने के संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरपीएफ ने तीनों बालकों के आधार कार्ड की जांच की, जिसमें उनकी उम्र 18 वर्ष से कम पाई गई। तीनों पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के रहने वाले हैं। इसके बाद आरपीएफ ने उन्हें ट्रेन से उतारकर अपने संरक्षण में लिया और अजीत लोहार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को भी दे दी गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी और तीनों बालकों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी खड़गपुर के हवाले कर दिया गया।













Leave a Reply