“कौशल से रोजगार और रोजगार से सशक्तिकरण
”
रांची। झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट भवन सभागार, रांची में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में राज्य सरकार के कौशल विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान इन कार्यक्रमों के माध्यम से 3,044 युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया। ये कार्यक्रम अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा अपनी विशेष प्रयोजन वाहिनी (एसपीवी) प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “आज आपने देखा कि बहुत सारे युवा देश में और देश से बाहर काम कर रहे हैं। वर्तमान की आवश्यकता के अनुसार हम अपने बच्चों के कौशल का विकास करें और उनके हुनर को तराशें, ताकि वे अपने पैरों पर खड़े होकर अपना बेहतर भविष्य तय कर सकें। जिस तरह समय का चक्र चल रहा है, यदि आप खुद को नहीं बदलेंगे तो पीछे छूट जाएँगे। यदि आपके हाथ में कौशल और हुनर है, तो आपके परिवार में कोई भूखा नहीं रहेगा। आज मेरी सरकार ने कुछ एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए हैं, ताकि हम नई तकनीकों के साथ कदम मिला सकें और हर युवा को अवसर मिले।”
समारोह में मंत्री चमरा लिंडा एवं मंत्री हफीजुल हसन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 300 चयनित युवाओं ने समारोह में भाग लिया। नवम्बर–दिसम्बर 2026 के दौरान लगभग 1,500 और युवाओं को रोजगार से जोड़े जाने की संभावना है। इन कार्यक्रमों का मुख्य फोकस अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदायों के युवा हैं, जिन्हें झारखण्ड, देश के अन्य हिस्सों और विदेशों में रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा रहा है।













Leave a Reply