JHAHIN/2014/58773

लावारिस लाल बैग ने झाड़ग्राम में मचाई हलचल, बम की आशंका से बुलाया गया बम निरोधक दस्ता; अंदर निकले कपड़े और शराब की बोतल

Spread the love

झाड़ग्राम। सड़क किनारे पड़े एक लाल रंग के लावारिस बैग ने सोमवार झाड़ग्राम में कुछ देर के लिए सनसनी फैला दी। बैग में विस्फोटक होने की आशंका से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन इलाके की घेराबंदी कर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। हालांकि, जांच के बाद मामला कुछ और ही निकला। बैग के अंदर कपड़े, रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान और देशी शराब की एक बोतल मिली। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कोर्ट रोड़ स्थित सड़क किनारे लाल रंग का बैग रविवार रात से ही  पड़ा हुआ था। सोमवार सुबह भी जब वह उसी स्थान पर दिखाई दिया और उसमें चेन के साथ छोटा ताला लगा मिला, तो लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद झाड़ग्राम थाने को सूचना दी गई।

पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा के लिहाज से लोगों को वहां से दूर किया और बैरिकेट लगाकर इलाके को घेर लिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। विशेषज्ञों की टीम ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत बैग की जांच की। बैग खोलने पर उसमें पहनने के कपड़े, टूथपेस्ट, टूथब्रश, बॉडी स्प्रे और देशी शराब की एक बोतल बरामद हुई। जांच में कोई विस्फोटक या अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

 बैग की पहचान बेलियाबेड़ा थाना क्षेत्र के कुलिंग्राम गांव निवासी तरुण कुमार मंडल के सामान के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि टोटो से यात्रा के दौरान उनका बैग अनजाने में सड़क पर गिर गया होगा।

बम की आशंका से शुरू हुई इस घटना का अंत एक गिरे हुए यात्री बैग की पहचान के साथ हुआ। जांच में विस्फोटक नहीं मिलने से पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!