JHAHIN/2014/58773

झाड़ग्रामः दो महीने से लापता तमिलनाडु के बुजुर्ग को पुलिस ने परिवार से मिलाया

Spread the love

झाड़ग्राम। झाड़ग्राम थाना पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए तमिलनाडु के करीब 70 वर्षीय एक बुजुर्ग को दो महीने बाद उनके परिवार से मिलाया। बुजुर्ग की पहचान विल्लुपुरम जिले के निवासी तिरुथन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले वह गांव के अन्य लोगों के साथ तिरुपति मंदिर दर्शन करने गए थे। मंदिर में भारी भीड़ के बीच वह अपने साथियों से बिछड़ गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था।

तीन दिन पहले शाम को उन्हें झाड़ग्राम शहर में भटकते हुए देखा गया। स्थानीय लोगों ने उन्हें झाड़ग्राम थाने पहुंचाया। बुजुर्ग केवल तमिल भाषा जानते थे और अपने घर का पता या परिवार का संपर्क नंबर भी नहीं बता पा रहे थे। ऐसे में पुलिस ने तकनीक की मदद से उनकी भाषा की पहचान की और चेन्नई पुलिस के माध्यम से विल्लुपुरम पुलिस से संपर्क साधा। काफी प्रयास के बाद उनके परिवार का पता लगाया गया।

वीडियो कॉल के जरिए परिजनों ने बुजुर्ग की पहचान की। इसके बाद झाड़ग्राम पुलिस ने उनके रहने, भोजन और देखभाल की व्यवस्था की तथा परिवार को झाड़ग्राम पहुंचने में सहयोग किया।

सोमवार को परिवार के दो सदस्य झाड़ग्राम पहुंचे, जहां पुलिस ने बुजुर्ग को सुरक्षित अवस्था में उनके परिजनों को सौंप दिया। दो महीने बाद अपने प्रियजन को वापस पाकर परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली। इस पहल में झाड़ग्राम पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय की सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!