JHAHIN/2014/58773

जमशेदपुरः सनातन के नाम पर राजनीति करने वालों से रहें सतर्क – बाबा रामदेव

Spread the love

एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान में आयोजित सम्मेलन में उमड़ी महिलाओं की भीड़, सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक सरयू राय भी हुए शामिल

जमशेदपुर। पतंजलि विश्वविद्यालय एवं महिला पतंजलि योग समिति की ओर से रविवार को एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान में महिला महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में योगऋषि स्वामी रामदेव शामिल हुए। कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक सरयू राय भी मौजूद रहे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबा रामदेव ने सनातन धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले राजनीतिक दलों और उनके नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म किसी के संरक्षण का मोहताज नहीं है। जब से सनातन की परंपरा है, तब से सनातनी हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि धर्म की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है।

रामदेव ने कहा कि देश संविधान से चलता है। आज कुछ लोग न तो महाभारत को ठीक से जानते हैं, न रामायण को और न ही सनातन धर्म की वास्तविक परंपराओं को समझते हैं, लेकिन वे सनातन को बचाने की बात करते हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। सनातन की रक्षा के नाम पर दिखावा करने के बजाय उसके मूल विचारों और संस्कारों को समझना जरूरी है।

उन्होंने धार्मिक मंचों से दिए जाने वाले बयानों पर भी सवाल उठाए। कहा कि कुछ लोग प्रवचन के दौरान भगवान राम और भगवान कृष्ण के बारे में मनमाने तरीके से टिप्पणी करते हैं और बाद में विवाद होने पर माफी मांग लेते हैं। ऐसे लोगों से सतर्क रहना चाहिए। किसी को भी किसी के प्रति अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है। धार्मिक मंचों से समाज को जोड़ने और सही दिशा देने का काम होना चाहिए, न कि विवाद पैदा करने का।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!