खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। रनिया थाना क्षेत्र में मार्चा-रनिया मुख्य सड़क पर बिश्रामपुर और तुरिगाड़ा गांव के बीच दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 4 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को लोहागड़ा बाजार में आयोजित डायर जतरा मेला लगा था। मेला देखने के बाद पांचों युवक अपनी-अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब 6 से 6:15 बजे के बीच दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और पांचों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
मृतकों की पहचान उड़ीकोल गांव निवासी प्रेमसु कोंगाड़ी, जीदन कोंगाड़ी, मसीह प्रकाश कोंगाड़ी और बनाबीरा नवाटोली निवासी विश्वा उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रेमसु, जीदन और मसीह एक ही बाइक पर सवार थे। उनकी बाइक ढलान पर तेज रफ्तार में थी। तभी सामने से मरचा की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर छोटू सिंह और हेमंत बहादुर सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही रनिया पुलिस मौके पर पहुंची। विधायक प्रतिनिधि सुरेश कोंगाड़ी भी कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शवों और दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को रनिया पहुंचाया, जबकि घायलों को तोरपा रेफरल अस्पताल भेजा गया।
गंभीर रूप से घायल छोटू सिंह को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 4 हो गई। एक युवक का इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में मेले से लौटने की खुशी थी, वहां अब चीख-पुकार मची है।
गौरतलब है कि खूंटी जिले में महज 16 दिनों के भीतर हुई दो बड़ी दुर्घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के बाद सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।













Leave a Reply