बहरागोड़ा। बहरागोड़ा प्रखंड के खण्डामौदा गांव में शनिवार को दंडक्षत्र माझी समाज की ओर से आयोजित एक बैठक में समाज के लोगों ने झारखंड में भी एससी दर्जा देने और मूलभूत सुविधाओं की बहाली को लेकर आवाज बुलंद की। वहीं बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पड़ोसी राज्य ओडिशा में दंड क्षेत्र माझी समाज को एससी का दर्जा प्राप्त है। लेकिन झारखंड में अब तक यह लाभ न मिलने के कारण बच्चों को छात्रवृत्ति समेत अन्य सरकारी योजनाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने अपनी जमीनी हकीकत साझा करते हुए बताया कि समाज के कई परिवार दूसरों के घरों में काम कर गुजारा करने को मजबूर हैं, फिर भी प्रशासनिक व जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर नहीं है। जिसपर समाज के लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय केवल आश्वासन दिया जाता है। जबकि बाद में मांग भुला दी जाती है। उन्होंने सरकार से जल्द एससी दर्जा व बुनियादी सुविधाएं देने की मांग की। इस बैठक में बंकिम पाईकिरा, निरंजन बाग, गयाराम भोक्ता, राम बाग, ठुलु देहुरी, आदित्य चालक, बलाई पाईकिरा, रथु पाईकिरा, अमित पाईकिरा, सदानंद बाग, रथु बाग, कृष्ण देहुरी और मिथुन बाग समेत बड़ी संख्या में समाज के सैकड़ो लोग उपस्थित थे।













Leave a Reply