रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। रामगढ़-बोकारो रोड पर लारी-बरलौंग के पास कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।यह घटना राजरप्पा थाना क्षेत्र के बरलौंग बुढ़बाजार इलाके में आधी रात के करीब हुई।
पुलिस के अनुसार, वैन में सवार सभी लोग मरंगमरचा और बलसगरा गांव के रहने वाले थे। वे सभी एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने उनकी वैन को टक्कर मार दी।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 2 घायलों को सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।मृतकों की पहचान मरंगमरचा और बलसगरा गांव के निवासियों के रूप में हुई है।
घटना की खबर मिलते ही दोनों गांवों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है।हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो रोड को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस इलाके में पिछले तीन दिनों में सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन लापरवाह बना हुआ है। उन्होंने भारी वाहनों की तेज रफ्तार और अवैध कोयला परिवहन पर रोक लगाने की मांग की। घंटों जाम के बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि लारी-बरलौंग के पास हुए सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत की खबर से वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख की घड़ी में शक्ति देने की प्रार्थना की।रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।













Leave a Reply