झाड़ग्राम। ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल भावना, अनुशासन तथा आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चोरचिता ब्लैक पैंथर्स क्लब की ओर से दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता ‘चोरेश्वर जीउ कप-2026’ का आयोजन किया गया। झाड़ग्राम जिले के गोपीबल्लभपुर-2 ब्लॉक स्थित चोरचिता हाई स्कूल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट को लेकर इलाके में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी दर्शक मैदान में जुटे।
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह में भाजपा के नयाग्राम-5 मंडल अध्यक्ष तापस सुई सहित कई अतिथि उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में सरहदः शिकारी टुलिबड़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सौरजीत इलेवन एफसी की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को 30 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 20 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी 10-10 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
विजेता टीमों को तापस सुई सहित उपस्थित अतिथियों और क्लब के सदस्यों ने पुरस्कार प्रदान किए।आयोजकों ने कहा कि स्वस्थ, सुंदर और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं को खेलकूद से जोड़ना जरूरी है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना विकसित होती है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की फुटबॉल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।













Leave a Reply