JHAHIN/2014/58773

जमशेदपुरः मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दिखेगा खिलाड़ियों का दम, 16 जिलों के 1200 एथलीट लेंगे हिस्सा

Spread the love

21 और 22 नवंबर को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा दो दिवसीय आयोजन, 12 से 75 वर्ष तक के प्रतिभागी द ग्रेट झार

जमशेदपुर। खेल के प्रति जुनून, अनुशासन और उम्र को मात देने के जज्बे का अनूठा नजारा एक बार फिर जमशेदपुर में देखने को मिलेगा। मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड की ओर से 21 और 22 नवंबर को छठी राज्य स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के 16 जिलों से करीब 1200 महिला और पुरुष एथलीट हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी शारीरिक क्षमता, खेल कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजन को लेकर शुक्रवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रेस वार्ता में संघ के अध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। पुरुष वर्ग में 12 आयु श्रेणियों में नौ स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 100 मीटर, 200 मीटर, 800 मीटर दौड़ और 3 किलोमीटर पैदल चाल के साथ लंबी कूद, त्रिकूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक शामिल हैं। वहीं, महिला वर्ग में सात आयु श्रेणियों के तहत छह स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इनमें 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ के अलावा लंबी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

संघ के सचिव एसके तोमर ने बताया कि राज्य स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के साथ ही द ग्रेट झारखंड रन का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें 12 वर्ष से लेकर 75 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागियों को हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। इस दौड़ का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों को फिटनेस और खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना है। दौड़ में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि मास्टर्स एथलेटिक्स केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं, बल्कि उन खिलाड़ियों के लिए भी एक अवसर है, जो उम्र के इस पड़ाव पर भी खेल के प्रति अपना जुनून और सक्रियता बनाए हुए हैं। इस आयोजन के माध्यम से वरिष्ठ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। साथ ही राज्य में एथलेटिक्स और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में पूर्व अंतरराष्ट्रीय एथलीट अवतार सिंह, डॉ. श्याम शर्मा, हरविंदर सिंह, आरपी सिंह पांडेय सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!