JHAHIN/2014/58773

बेनापुर हाईस्कूल में सात महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण, वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित

Spread the love

खड़गपुर । विद्यार्थियों में ज्ञान, मानवता, नैतिक मूल्यों और देशप्रेम की भावना विकसित करने के उद्देश्य से खड़गपुर अनुमंडल अंतर्गत बेनापुर हाईस्कूल (उच्चतर माध्यमिक) में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सात महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण करने के साथ वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह भी संपन्न हुआ।


स्थानीय शिक्षाप्रेमी एवं शिक्षानुरागी लोगों के आर्थिक सहयोग से स्थापित इन प्रतिमाओं में ईश्वरचंद्र विद्यासागर, स्वामी विवेकानंद और रवींद्रनाथ टैगोर की पूर्णकाय प्रतिमाएं शामिल हैं। वहीं, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन, शहीद मातंगिनी हाजरा और विद्रोही कवि काजी नजरुल इस्लाम की अर्धप्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया।


इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री राजेश महतो ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा का अनावरण किया। विद्यासागर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. दीपक कुमार कर ने ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा का अनावरण किया। नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण खड़गपुर के महकमा शासक के प्रतिनिधि के रूप में डीएमडीसी ने किया। पिंगला की विधायक स्वागता मन्ना ने शहीद मातंगिनी हाजरा तथा पश्चिम मेदिनीपुर के जिला विद्यालय निरीक्षक ने काजी नजरुल इस्लाम की प्रतिमा का अनावरण किया।

वहीं, स्वामी विवेकानंद और रवींद्रनाथ टैगोर की जीर्णोद्धार के बाद तैयार प्रतिमाओं का अनावरण विद्यालय के पूर्व अध्यक्ष नीलकंठ आचार्य और पूर्व प्रधानाध्यापक मदनमोहन मंडल ने किया। वक्ताओं ने प्रतिमाओं के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण में स्थानीय विशिष्ट उद्योगपति अनादिकांत सांतरा के विशेष योगदान की सराहना की।


कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. सुमन राय ने की। वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं विद्यार्थियों को उनके जीवन, आदर्शों और विचारों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगी। यह पहल केवल विद्यालय परिसर की सुंदरता बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी में मानवता, देशप्रेम, नैतिक मूल्यों और समाजसेवा की भावना विकसित करने की दिशा में भी एक सराहनीय प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!