लूट में इस्तेमाल बाइक, नकदी, मोबाइल और टैबलेट पुलिस ने किया बरामद
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई 80 हजार रुपये की लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों सेनापति बेरा और नौशाद अंसारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए 80 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन, एक टैबलेट फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (JH05AR6727) बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के गोगलो जाने वाले रास्ते में दो अज्ञात अपराधियों ने भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट को निशाना बनाया था। मोटरसाइकिल पर सवार अपराधियों ने एजेंट से 80 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक टैबलेट लूट लिया था। घटना के बाद धालभूमगढ़ थाना में मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते पुलिस की विशेष टीम द्वारा जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की। बाइक नौशाद अंसारी (39), निवासी ग्राम पोखरिया, थाना बोड़ाम, पूर्वी सिंहभूम के नाम पर पंजीकृत पाई गई।
इसके बाद पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की। जांच में पता चला कि घटना के समय मोबाइल का लोकेशन घटनास्थल के आसपास था। तकनीकी शाखा के सहयोग से पुलिस ने लगातार मोबाइल को ट्रेस किया।
इसी क्रम में 18 नवंबर की शाम धालभूमगढ़ पुलिस ने श्यामसुंदरपुर और बहरागोड़ा थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। इस दौरान श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के केरुकोचा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर एजेंट से लूटे गए मोबाइल और टैबलेट फोन भी बरामद कर लिए गए।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से घटना के दूसरे ही दिन लूटकांड का खुलासा हो गया और दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए।













Leave a Reply