झाड़ग्राम। घर में आयोजित मनसा पूजा के दौरान जीवित जहरीले सांप के साथ खेल दिखाना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। सांपों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने के लिए इलाके में ‘सर्पबंधु’ के नाम से लोकप्रिय राहुल दंडपाट (32) की सर्पदंश से मौत हो गई। मंगलवार दोपहर यह घटना झाड़ग्राम जिले के गोपीबल्लभपुर-2 ब्लॉक अंतर्गत खाड़बांधी ग्राम पंचायत के चौनिशोल गांव में हुई। राहुल की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, राहुल के घर में मंगलवार को मनसा पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा के अवसर पर महिलाएं सिर पर पूजा का घट लेकर खड़ी थीं और ढाक-ढोल बज रहे थे। इसी दौरान राहुल गले में जीवित सांप लटकाकर पारंपरिक रूप से झांपन (पूजा या धार्मिक आयोजन में सांप का खेल दिखाना) कर रहे थे। आसपास काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। कई लोग इस दृश्य का मोबाइल फोन से वीडियो भी बना रहे थे।
इसी दौरान राहुल किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे, तभी गले में लटके सांप ने अचानक उनके बाएं हाथ में डस लिया। सांप के काटते ही राहुल ने उसे गले से नीचे फेंक दिया और घबराकर उछलने-कूदने लगे। इसके बाद वह दौड़कर पास खड़े एक पिकअप वैन के बोनट पर चढ़ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, राहुल को किस प्रजाति के सांप ने काटा था, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सांप के काटने के बाद राहुल तत्काल अस्पताल जाने के लिए तैयार नहीं थे। उनकी हालत बिगड़ती देख परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
राहुल अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और चार वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, वह पिछले दस वर्षों से अधिक समय से सांपों को पकड़ने और उनका रेस्क्यू करने का काम कर रहे थे। घर, दुकान या किसी आबादी वाले इलाके में सांप दिखाई देने पर लोग उन्हें सूचना देते थे। राहुल मौके पर पहुंचकर सांप को पकड़ते और सुरक्षित जंगल में छोड़ देते थे। वह इस काम के लिए किसी से पैसे नहीं लेते थे।













Leave a Reply