JHAHIN/2014/58773

चक्रधरपुर: रेलवे अस्पताल में ही होगी सीटी स्कैन जांच 

Spread the love

चक्रधरपुर। रेलवे कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में चक्रधरपुर मंडल रेलवे अस्पताल ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब गंभीर मरीजों और दुर्घटना में घायल लोगों को सीटी स्कैन जांच के लिए टाटानगर नहीं जाना पड़ेगा। चक्रधरपुर मंडल रेलवे अस्पताल में मंगलवार को आधुनिक इन-हाउस सीटी स्कैन सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस सुविधा की स्थापना इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (आईआरएफसी) की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत वित्तीय सहयोग से की गई है।

नई सुविधा का उद्घाटन चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने किया। इस अवसर पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस), एडीआरएम (इन्फ्रास्ट्रक्चर), एडीआरएम (ऑपरेशन), विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

अब तक चक्रधरपुर मंडल रेलवे अस्पताल में सीटी स्कैन की व्यवस्था नहीं होने के कारण गंभीर रूप से बीमार मरीजों, दुर्घटना में घायल लोगों और तत्काल जांच की जरूरत वाले मरीजों को टाटानगर भेजना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को लंबी दूरी तय करने के साथ अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार जांच में देरी होने से आगे के उपचार पर भी असर पड़ने की आशंका रहती थी।

अस्पताल परिसर में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से अब मरीजों की जांच तेजी से हो सकेगी और समय पर इलाज शुरू करने में मदद मिलेगी। साथ ही, दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत भी कम होगी।

रेलवे की इस पहल को चक्रधरपुर मंडल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!